बीजेपी विधायक ने स्पाइस जेट और ट्रैवल एजेंसी के खिलाफ दर्ज कराया केस
गोरखपुर
गोरखपुर के नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल ने विमानन कंपनी स्पाइस जेट और ऑनलाइन एयर टिकट बुक करने वाली कंपनी ट्रावोलुक डाट इन के खिलाफ गुरुवार को कैंट थाने में जालसाजी कर रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया है। दोनों कंपनियों का मुख्यालय हरियाणा के गुरुग्राम में है। केस दर्ज कर कैंट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैंट पुलिस को दी तहरीर में नगर विधायक ने बताया कि दो फरवरी 2021 को दिल्ली से गोरखपुर का एयर टिकट बुक करने के लिए के लिए उन्होंने अप्लाई किया था। ऑनलाइन एयर टिकट बुक कराने वाली कंपनी ट्रावोलुक के जरिए उनसे 9953 रुपये की मांग की गई। अपने बैंक खाते से उन्होंने ऑनलाइन भुगतान कर दिया। टिकट के बारे में जानकारी लेने के लिए स्पाइस जेट की साइट खोली तो पता चला कि टिकट की बुकिंग नहीं की गई है। तीन फरवरी को उन्हें गोरखपुर आना था। ट्रावोलुक द्वारा दिए गए हेल्प लाइन नंबर पर फोन करने पर कोई जवाब नहीं दिया गया।
उसके बाद ट्रावोलुक डाट इन का उनके ई-मेल पर मैसेज आया कि उनका टिकट बुक नहीं हुआ है। टिकट बुक न होने के बाद भी रुपये वापस नहीं किया गया, जो उनके साथ स्पष्ट रुप से एक धोखाधड़ी है। विधायक ने बताया कि स्पाइस जेट के गोरखपुर प्रभारी से भी उन्होंने बात कर आपत्ति जताई। विमानन कंपनी ने ट्रावोलुक डाट इन को टिकट बुकिंग के लिए अधिकृत एजेंट नियुक्त किया है। इसलिए कानूनी रूप से दोनों की जिम्मेदारी है। विधायक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
#बीजेपी विधायक ने स्पाइस जेट और ट्रैवल एजेंसी

पाठको की राय